संत ज्ञानेश्वर स्कूल में लड़कियों के प्रवेश शुल्क पर 20 फीसदी की छूट

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करीब 45 साल पहले शुरू की गई मंडल की इस स्कूल में लड़कियों के प्रवेश शुल्क पर दी जाने वाली 20 फीसदी की छूट आगामी शिक्षा सत्र में भी यथावत रखी है। इन दिनों स्कूल में जारी नौनिहाल बच्चों के प्रवेश को लेकर उनके अभिभावकों का उत्साह उल्लेखनीय है।
प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग प्रवेश के लिए पूछताछ करने आ रहे हैं। अभिभावक अपने बच्चों को शाला में प्रवेश भी दिला रहे है। स्कूल में प्रवेश के लिए अलग से एडमिशन डेस्क बनाया गया है। शिक्षिका तृप्ति अग्निहोत्री, आराधना लाल, अपर्णा आठले, अस्मिता कुसरे और अखिल खरे एडमिशन डेस्क की कमान संभाल रहे हैं। प्राचार्य ने बताया कि पिछले शिक्षा सत्र 2024 25 में संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के दो बच्चों ने बोर्ड की 12वीं में और दो बच्चों ने दसवीं की प्रवीण्य सूची में स्थान बनाया था।उन्हें उम्मीद है कि इस बार भी कुछ बच्चे यह गौरवशाली इतिहास दोहराएंगे।
अस्मिता कुसरे ने बताया कि प्रियदर्शिनी नगर, संतोषी नगर, पचपेड़ी नाका सहित आसपास के मोहल्लों के साथ कई दूरस्थ इलाकों के भी अभिभावक अपने बच्चों को शाला में प्रवेश दिलाने के लिए संपर्क कर रहे हैं। एडमिशन डेस्क की ओर से अभिभावकों को स्कूल में मिलने वाले संस्कारों और अकादमिक उपलब्धि के बारे में बताया जा रहा है।







