Uncategorized

2 सगे भाई ने तोड़े 7 घरो के ताले, 17 लाख का माल हुआ बरामद

Share

रायपुर। रायपुर में सिलसिलेवार तरीके से चोरी करने के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो भाई और एक बहन भी है। दोनों भाईयों ने मिलकर एक, दो नहीं बल्कि 7 घरों को टारगेट किया था। वहीं इन वारदात में मिले लाखों के गहनों को यूपी में खपाने का काम उनकी बहन किया करती थी।

आरोपी इतने शातिर थे कि चोरी के बाद अपने मां-बाप के पास उत्तरप्रदेश फरार हो जाते थे। इस मामले को लेकर रायपुर पश्चिम ASP डी.आर.पोर्ते ने बताया कि डीडी नगर में पुलिस को लगातार चोरियों की शिकायत मिल रही थी। पुलिस चोरों की खोजबीन में जुटी थी। तभी कुछ घटनास्थल के आसपास 2 सगे भाई सूरज सिंह और सिद्धार्थ सिंह CCTV में नजर आए।

CCTV के आधार पर पुलिस जांच में जुटी तो पता चला कि, दोनों रिश्ते में सगे भाई हैं जिनका नाम सिद्धार्थ और सूरज है। दोनों करीब 7-8 सालों से रायपुरा के विप्र नगर में किराए से मकान लेकर रहते थे। पुलिस ने इन आरोपियों को घर से ही गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि, इन्होंने बीते एक साल में डीडी नगर इलाके में एक के बाद एक लगातार 7 घरों को टारगेट किया। इन घरों पर उन्होंने पहले रेकी की इसके बाद यहां एक लोहे के रॉड के सहारे ताले तोड़कर चोरियां की।

दोनों भाइयों ने चंगोराभाटा में गरिमा शर्मा नाम की महिला के घर पर 19 जून को धावा बोला। महिला परिवार के साथ अपने मायके आरंग गई थी। करीब 6 दिन बाद वह वापस लौटी तो घर के मेन गेट का दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर अलमारी में पड़े गहने-रुपए भी गायब थे। चोरों ने घर में रखे भगवान के पीतल के सिंहासन को भी सोना समझकर चुरा लिया था।

रायपुर में भाई चोरी करके गहनों को खपाने के लिए अपनी बहन अदिति सिंह को देते थे। अदिति की शादी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में हुई थी। वह भाइयों से मिले सोने और चांदी के गहनों को वहीं के सराफा बाजार में बेच दिया करती थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने गहने खरीदने वाले 2 ज्वेलर्स संजय कुमार जायसवाल और अरविंद कुमार वर्मा को भी गिरफ्तार किया है।

सूरज सिंह और सिद्धार्थ सिंह पहले भी डीडी नगर, कबीर नगर और आमानाका थाना में चोरी, मारपीट और आबकारी एक्ट में जेल जा चुके हैं। इनके ऊपर 10 से ज्यादा अपराध दर्ज हैं। ये आदतन बदमाश और चोर हैं। इस पूरे मामले में पुलिस ने दोनों भाई, एक बहन और चंदौली के 2 ज्वेलर्स समेत 5 को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 17 लाख का माल बरामद हुआ है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button