नक्सल प्रभावित तुमालपाड़ में सीआरपीएफ के मेडिकल कैंप में 172 का हुआ उपचार

सुकमा। जिले के घुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र तुमालपाड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 226वीं वाहिनी द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। मेडिकल कैंप में डी/226 समवाय के जिम्मेदारी क्षेत्र अंतर्गत तुमालपाड़ गांव के लगभग 172 पुरुष, महिलाएं एवं बच्चों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर वीरेन्द्र कुमार खंतवाल, द्वितीय कमान अधिकारी, 226 बटालियन एवं अरविंद कुमार, सहायक कमांडेंट (समवाय अधिकारी डी/226) ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सली संगठन अपने स्वार्थ के लिए गरीब जनता, विशेषकर बच्चों को गुमराह कर नक्सली गतिविधियों में शामिल होने के लिए बहकाते हैं। उन्होने ग्रामीणों से अपील की कि वे नक्सलियों के बहकावे में न आएं, देश के विकास में भागीदार बनें, अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं तथा भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सदैव आम जनता के साथ खड़ा है, और हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा । साथ ही ग्रामीणों से शांति, विकास और सामाजिक सहयोग में सहभागिता की अपील की।
मेडिकल कैंप के दौरान इस वाहिनी के डॉ. एस. एल. कृष्णा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ उपनि./एस.एस.एन. अनिल कुमार मीणा, फर्स्ट एडर सिपाही/जीडी ओझा, तथा तुमालपाड़, भीमापुरम एवं चिनावोडकेल के सरपंच, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं डी/226 समवाय के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।







