छत्तीसगढ़ से झारखंड ले जाई जा रहीं 10 गायें, हादसे में 3 की मौत

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौवंश तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तस्कर एक पिकअप वाहन में 10 गायों को भरकर छत्तीसगढ़ से झारखंड ले जा रहे थे। पुलिस ने जब वाहन रोकने का प्रयास किया तो चालक तेज रफ्तार में पिकअप लेकर भागने लगा। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे 3 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गईं। घटना तपकरा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, तपकरा पुलिस को गौवंश तस्करी की सूचना मिली थी। रात्री गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। ग्राम साजबाहर के पास तेज गति के कारण वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटा। दुर्घटना के बाद पिकअप में सवार तस्कर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल गायों को सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।







