महापौर ने सुनी नगरवासियों की समस्या, समाधान शिविर का लिया जायज़ा

जगदलपुर। नगर पालिक निगम कार्यालय में महापौर संजय पाण्डे ने बुधवार को नगरवासियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान का प्रयास किया। मुलाकात के दौरान नागरिकों ने सड़क, सफाई, पानी आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को महापौर के समक्ष रखा। इसके उपरांत महापौर ने आज समाधान शिविर पंहुचकर उन्होंने वहां प्राप्त हो रहे आवेदनों और नागरिकों की समस्याओं का जायज़ा लिया। नगर निगम द्वारा आयोजित समाधान शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं और सुझावों के साथ पहुंच रहे हैं।
महापौर संजय पांडे ने नगरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना नगर निगम की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगरवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए निगम निरंतर प्रयासरत रहेगा।
महापौर ने कहा कि सुशासन तिहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुशासन तिहार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान कर शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी पूरी तन्मयता से इस पहल को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
