ChhattisgarhPolitics

बम का सामान मिलना प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा: धनेन्द्र साहू, अशांति फ़ैलाने की कोशिश: डिप्टी सीएम साव

Share

रायपुर। रावाभाठा में बम बनाने का सामान मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद विपक्षी दलों की ओर से प्रदेश में अशांति फैलाने की कोशिश की जाती है, लेकिन सरकार पूरी तरह सजग है और किसी भी नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
इस पर पूर्व पीसीसी चीफ धनेंद्र साहू ने सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार “शुतुरमुर्ग की तरह व्यवहार” कर रही है और केवल कांग्रेस को दोष देने में लगी है। उनके अनुसार यह घटना प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है और सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए।
रायपुर के रावाभाठा क्षेत्र के वार्ड नंबर-13 स्थित मितानिन पुष्पा साहू के मकान से एक संदिग्ध बैग मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार यह बैग बीरगांव निवासी विनय देवांगन नामक व्यक्ति द्वारा कुछ समय के लिए रखने की बात कहकर वहां छोड़ा गया था।
बाद में घर में मौजूद लोगों को शक हुआ, जिसके बाद स्थानीय पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी गई। पार्षद और स्थानीय लोगों ने बैग खोलकर जांच की, जिसमें बैटरी, तार, एयरगन, दो बोतल संदिग्ध केमिकल और डेटोनेटर जैसे उपकरण मिले। सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। संदिग्ध सामग्री को जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और मामले में विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद सामग्री का वास्तविक उद्देश्य क्या था।
घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button