Chhattisgarh

जनभागीदारी से जल संरक्षण का अभियान सफल, एक महीने में 54 हजार सोख्ता गड्ढों का निर्माण

Share

जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए बलरामपुर जिला प्रशासन ने विशेष अभियान के तहत महज एक माह में 54 हजार से अधिक सोख्ता (सोक पिट) गड्ढों का निर्माण कर नई मिसाल पेश की है। वर्षा जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ चलाए गए इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, स्व-सहायता समूहों, ग्रामीणों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रोजगार सहायकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने श्रमदान कर अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया। जिला कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की पहल, सतत निगरानी और मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों को समयबद्ध लक्ष्य दिए गए, जिसके परिणामस्वरूप अल्प समय में बड़ी संख्या में सोख्ता गड्ढों का निर्माण संभव हो सका। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में भविष्य के जल संकट का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सोख्ता गड्ढे वर्षा के पानी को जमीन के भीतर पहुंचाकर प्राकृतिक रिचार्ज बढ़ाते हैं, जिससे हैंडपंप, कुएं और अन्य जल स्रोत लंबे समय तक जलयुक्त बने रहते हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपने घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर भी जल संरक्षण संबंधी संरचनाएं विकसित करने तथा वर्षा की हर बूंद को सहेजने का संकल्प लेने की अपील की है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button