ChhattisgarhCrimeRegion

वन विभाग के फ्लाइंग स्क्वॉड टीम के साथ मारपीट करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

Share

जगदलपुर। जिला मुख्यालय के संजय बाजार में नवजात तोता बच्चों की बिक्री की शिकायत पर पहुंची वन विभाग के फ्लाइंग स्क्वॉड टीम को मौके पर ही विरोध का सामना करना पड़ा, जो बाद में हिंसा में बदल गया। रेंजर और उनकी टीम के सदस्य की बेदम पिटाई के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज मंगलवार को मुख्य आरोपी विक्रम मजूमदार और मधुसूदन मजूमदार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है। मामला अवैध वन्यजीव व्यापार से जुड़ा हुआ है, जिसमें नवजात तोता बच्चों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। पुलिस और वन विभाग इस पूरे मामले की संयुक्त जांच कर रहे हैं। कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने कहा कि रेंजर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज हो गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, आगे की कार्रवाई जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम को सूचना मिली थी, कि संजय मार्केट में नवजात तोतों की बिक्री की जा रही है। इसी सूचना पर फ्लाइंग स्क्वॉड प्रभारी (रेंजर) अक्षय कश्यप अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। जांच के दौरान टीम ने नवजात तोता बच्चों की अवैध बिक्री होते देख कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों और अन्य व्यापारियों ने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। लोग तमाशबीन बने रहे, इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की अतिरिक्त टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हालात. पर काबू पाया। घायल रेंजर और अन्य कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, सरकारी कर्मचारी से मारपीट और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाही जारी है। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि अवैध वन्यजीव व्यापार और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button