ChhattisgarhPoliticsRegion

कांकेर में आईईडी ब्लास्ट की घटना दुखद, नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ का दावा पूरी तरह झूठा – मौर्य

Share

जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने माओवादियों द्वारा कांकेर जिले में लगाए गए आईईडी ब्लास्ट में चार जवान शहीद हो जाने की घटना पर उन्होने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मैं शहीद चारो जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि यह घटना स्पष्ट रूप से साबित करती है कि छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बताने वाले सरकार के दावे पूरी तरह झूठे और हवाई हैं।
सुशील मौर्य ने कहा कि नक्सलवाद अभी भी बस्तर की धरती पर अपना साया बिखेर रहा है। सरकार को जनता को धोखा देने वाले बयानबाजी बंद करनी चाहिए और वास्तविक समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होने कहा कि पूरे बस्तर क्षेत्र में आईईडी और प्रेशर बम जैसी घातक बारूदी सुरंगों का जाल बिछा हुआ है। इनकी संख्या का अनुमान लगाना भी मुश्किल है। सरकार तुरंत इन खतरनाक बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने के लिए विशेष अभियान चलाए। ये बारूदी सुरंगें न केवल सुरक्षाबलों के लिए, बल्कि आम आदिवासियों और स्थानीय नागरिकों के लिए भी घातक हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि बस्तर में शांति स्थापना के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए। सुरक्षा बलों को आधुनिक उपकरण और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जावे। प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज किया जाए ताकि स्थानीय जनजीवन सामान्य हो सके। सुशील मौर्य ने कहा कि बस्तर के लोग लंबे समय से नक्सलवाद की मार झेल रहे हैं। अब उन्हें शांति और सुरक्षा का अधिकार है। सरकार अपनी जिम्मेदारी से मुंह न मोड़े और बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने के वास्तविक प्रयास करे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button