पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के यहां ईडी दबिश के विरोध में कांग्रेस का विधानसभा में हंगामा
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई-3 स्थित घर पर सोमवार की सुबह ईडी की रेड को लेकर छत्तीसगढ़ विधासभा कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया काफी देर तक कांग्रेसी विधायकों के शांत नहीं होने पर विधानसभाध्यक्ष ने उनको निलंबित कर दिया। इसके बाद कांग्रेस विधायक विधानसभा के बाहर गांधी प्रतिमा के पास धरने पर बैठ गए।
सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर ईडी की दबिश को लेकर विपक्ष ने सदन के भीतर आक्रामक रुख अपनाया और नारेबाजी करते हुए गर्भगृह तक पहुंच गए। गर्भगृह में पहुंचकर नारेबाजी करने पर विपक्ष के सदस्य निलंबित हुए। निलंबन के बाद विपक्षीय सदस्य गर्भगृह में धरने पर बैठ गए हैं।
इस दौरान अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि, प्रश्नकाल खत्म होने के बाद अपनी बात आप शून्यकाल के दौरान उठाएं। लगातार विपक्ष ने सदन के भीतर तेज हंगामे के साथ ईडी से डराना बंद करो और बीजेपी सरकार डरती है,ईडी को आगे करती है के नारे लगाए। इस दौरान हंगामा को देखते हुए सदन की कार्रवाई 10 मिनट तक स्थगित कर दी गई है। लगातार सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होती रही। व्यवस्था के बाद भी लगातार विपक्ष सदन के भीतर नारेबाजी कर रहा है। इसके बाद कांग्रेस विधायक गांधी प्रतिमा के पास धरने पर बैठ गए। वे पूर्व सीएम भूपेश बघेल के घर ईडी की कार्यवाही का विरोध करते रहे। विधायकगण रघुपति राघव राजा राम भजन गाते रहे। साथ वे विपक्ष को डराना बंद करोज् के लगाते रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ईडी की दबिश को भाजपा की हताशा बताते हुए कहा कि भाजपा राजनीति जांच एजेंसियों के सहारे चल रही है। सात साल पुराने झूठे केस को अदालत ने खारिज कर दिया। लेकिन दुर्भावना से ईडी को मोहरा बना दिया गया। आज सुबह ईडी की टीम पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल के निवास पर पहुंची। ये जांच है या राजनीतिक प्रतिशोध ?अगर भाजपा यह सोच रही है कि कांग्रेस को डराया या रोका जा सकता है। तो यह उसकी सबसे बड़ी भूल है। कांग्रेस न झुकी है, न झुकेगी अब हर षड्यंत्र का जवाब और भी दमदार होगा।
कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने कहा- विधानसभा में आवाज उठाने पर कार्यवाही हो रही है। सदन में कोई प्रश्न उठाता है तो उसके यहां ईडी भेज देते है। बीते शुक्रवार को भूपेश बघेल ने पीएम आवास पर सवाल उठाए, दो दिन बाद ईडी ने उन पर कार्यवाही की। इसी तरह की कवासी लखमा पर भी की गई। भाजपा सरकार सदन में सवालों उठाने वालों की जुबान बंद करना चाहती है। कोई भी विस में प्रश्न उठाएगा उस पर कार्यवाही होगी।
