ChhattisgarhPoliticsRegion

50 लाख के प्रकरण में कथित संलिप्तता पर बिरगांव नगर निगम के पार्षद ओम प्रकाश निलंबित, जांच समिति गठित

Share

रायपुर। एक व्यवसायी से लगभग 50 लाख रुपए लेकर फरार हुए ड्राइवर कृष्णा साहू से जुड़े प्रकरण में पुलिस कार्रवाई के दौरान बिरगांव नगर निगम के पार्षद ओम प्रकाश साहू की कथित संलिप्तता की जानकारी सामने आने पर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण ने सख्त कदम उठाया है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिरगांव के अध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी द्वारा दी गई सूचना के आधार पर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने पार्षद ओम प्रकाश साहू को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
जिला अध्यक्ष श्री बंजारे ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी अनुशासन, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या अनैतिक आचरण में संलिप्तता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन) को प्रेषित कर दी गई है, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी कानून के शासन में पूर्ण विश्वास रखती है और इस मामले में निष्पक्ष जांच एवं विधिसम्मत कार्रवाई का समर्थन करती है। यदि भविष्य में और तथ्य सामने आते हैं, तो पार्टी और भी कठोर निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेगी।
जांच समिति का गठन
प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच के लिए जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण द्वारा एक जांच समिति का गठन किया गया है। समिति में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिरगांव के अध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी, लखन साहू, मंडल अध्यक्ष शिव साहू (पार्षद), संतोष साहू (पार्षद), राजेन्द्र साहू (पूर्व एल्डरमेन) एवं कांग्रेस नेता अविनाश निहाल को सदस्य बनाया गया है। यह समिति मामले की विस्तृत जानकारी एकत्र कर तथ्यों सहित अपनी रिपोर्ट जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण को प्रस्तुत करेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण संगठन में अनुशासन बनाए रखने तथा स्वच्छ एवं जवाबदेह राजनीतिक आचरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button