Chhattisgarh

देवभोग अस्पताल विवाद BMO पर आरोप, बचाव में उतरे स्वास्थ्य कर्मचारी

Share

देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. प्रकाश साहू पर मरीज से अभद्र व्यवहार और थप्पड़ मारने की धमकी देने के आरोपों के बाद विवाद गहरा गया है। सुपेबेड़ा निवासी टंकधर आडील ने आरोप लगाया है कि अपनी पत्नी के लिए दवा मांगने पर बीएमओ ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद समाज के कुछ लोगों ने उन्हें पद से हटाने की मांग भी उठाई। वहीं दूसरी ओर, देवभोग ब्लॉक के स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी बीएमओ के समर्थन में सामने आए हैं। कर्मचारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आरोपों को निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि डॉ. प्रकाश साहू अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं और बिना पर्याप्त तथ्यों के लगाए जा रहे आरोपों से अधिकारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जांच पूरी होने से पहले एकपक्षीय कार्रवाई की गई या अस्पताल के कामकाज में बाधा पहुंचाई गई तो वे काम बंद कर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। बताया जा रहा है कि पिछले एक वर्ष में सुपेबेड़ा क्षेत्र में मुफ्त दवाओं की उपलब्धता में कमी आने से मरीजों में नाराजगी बढ़ी है, जिसके चलते यह विवाद सामने आया। वहीं अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या भी पहले की तुलना में काफी कम हो गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button