रायगढ़ में कौशल विकास की नई पहल अदाणी स्किल सेंटर से युवाओं को मिलेगा रोजगार और प्रशिक्षण का अवसर

रायगढ़ जिले के ग्राम छोटे भंडार स्थित अदाणी पावर लिमिटेड की सीएसआर इकाई द्वारा स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ग्राम सूपा के रीपा केंद्र में अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर (ASDC), रायगढ़ का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण केंद्र के लिए ग्राम पंचायत सूपा द्वारा भवन उपलब्ध कराया गया है। यह पहल युवाओं को रोजगारोन्मुख और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने पर केंद्रित है, जिसके माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के तकनीकी कौशल को बढ़ाकर उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा। वर्तमान में इस केंद्र में डोमेस्टिक डेटा एंट्री ऑपरेटर (DDEO) और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (GDA) जैसे दो पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, जिनकी अवधि तीन महीने की है और इनमें अब तक 60 युवक-युवतियां नामांकन करा चुके हैं। ये पाठ्यक्रम तकनीकी और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र से जुड़े व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करते हैं और राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त हैं, साथ ही प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्लेसमेंट की सुविधा भी दी जाएगी। शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी जीवन पटेल और अदाणी पावर लिमिटेड रायगढ़ के चीफ बिजनेस ऑफिसर शशधरा दास मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जहां उन्होंने युवाओं को नियमित और अनुशासित प्रशिक्षण के लिए प्रेरित करते हुए इसे रोजगारोन्मुखी कौशल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।







