ChhattisgarhRegion

मिशन सिक्योर सिटी सुकमा: 40 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे से सुदृढ़ हुई शहर की सुरक्षा

Share

सुकमा। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के समन्वित प्रयासों से सुकमा शहर में मिशन सिक्योर सिटी सुकमा के अंतर्गत जिला कलेक्टर अमित कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण, के नेतृत्व में विशेष प्रयास से जिला मुख्यालय सुकमा में अत्याधुनिक सेंट्रलाइज्ड सर्विलांस एवं कमांड कंट्रोल सेंटर की स्थापना की गई है। इस उन्नत प्रणाली के अंतर्गत शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर कुल 40 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिनका संचालन जिला कंट्रोल रूम से सतत रूप से किया जा रहा है। इससे शहर की गतिविधियों पर 24म7 प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो रही है। जिला पुलिस प्रशासन सुकमा, नागरिकों के सहयोग से सुरक्षित, सशक्त एवं अपराध मुक्त सुकमा के निर्माण हेतु निरंतर प्रतिबद्ध एवं प्रयासरत है।
पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, अपराधों की रोकथाम, तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सटीक पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। उन्होने बताया कि इससे कम समय में सकारात्मक एवं प्रभावी परिणाम मिलने लगे हैं – (केस 01) 18 अप्रेल 2026 को सुकमा में 12 वर्षीय बालक के गुम होने की घटना में सेंट्रलाइज्ड सर्विलांस सिस्टम के सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए, जिसके आधार पर केवल 8 घंटे के भीतर बालक को सकुशल बरामद किया गया। (केस 02) 19 अप्रेल 2026 को सर्किट हाउस सुकमा के पास घटित सड़क दुर्घटना में एक पुलिस जवान की मृत्यु के प्रकरण में भी सीसीटीवी कैमरों की सहायता से आरोपी वाहन की त्वरित पहचान कर मामले का शीघ्र खुलासा किया गया। इससे यह स्पष्ट है कि सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधों की रोकथाम में प्रभावी हैं, बल्कि घटनाओं के पश्चात सटीक साक्ष्य संकलन, त्वरित विश्लेषण एवं आरोपियों की शीघ्र पहचान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला पुलिस सुकमा समस्त नागरिकों, व्यापारी वर्ग एवं संस्थानों से अपील करती है कि वे अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य स्थापित करें। इससे न केवल उनकी व्यक्तिगत एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक सशक्त होगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button