श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में हुआ अभिषेक और शांतिधारा,कल निकलेगी शोभायात्रा
रायपुर। मालवीय रोड स्थित ऐतिहासिक श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) में आज 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की 2624वीं जयंती के उपलक्ष्य में भक्तिमय अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया गया।
माघ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी तिथि के पावन अवसर पर मंदिर जी में सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला। मंदिर जी के पूर्व सचिव श्रेयश जैन “बालू” ने बताया कि प्रातः काल की पावन बेला में मंत्रोच्चार के बीच भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा का रजत कलशों से प्रासूक जल द्वारा भव्य अभिषेक किया गया। इसके उपरांत विश्व शांति और जनकल्याण की भावना के साथ ‘शांतिधारा’ संपन्न की गई। पूरा मंदिर परिसर ‘महावीर स्वामी के जयकारों’ और पवित्र मंत्रों से गुंजायमान रहा। शांतिधारा के पश्चात श्रद्धालुओं ने भगवान की मंगल आरती उतारी और विधि-विधान से अष्ट द्रव्यों द्वारा देव-शास्त्र-गुरु एवं भगवान महावीर स्वामी का विशेष पूजन कर अर्घ्य समर्पित किए। आज के इस धार्मिक महोत्सव में रायपुर के जैन समाज के पुरुष, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लिया।
पूर्व सचिव श्री श्रेयश जैन ‘बालू’ ने बताया कि भगवान महावीर का संदेश ‘जियो और जीने दो’ आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है। जयंती के मुख्य दिवस कल, 31 मार्च को भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति (सकल जैन समाज) द्वारा श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) से भगवान की भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा के श्री जिनकुशल जैन दादाबाड़ी पहुँचने पर वहां भगवान महावीर का विशेष अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन का कार्यक्रम संपन्न होगा। श्री बालू ने समस्त जैन समाज से आह्वान किया है कि दादाबाड़ी में अभिषेक व शांतिधारा के पश्चात पुनः श्रीजी को रथ में विराजमान कर बड़ी संख्या में श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) तक वापस आकर धर्म लाभ अवश्य लें।







