न्यायालय में सरेंडर के बाद दो आरोपी रिमांड पर, पूछताछ के बाद जेल भेजे गए

दुर्ग जिले में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। महिला थाना दुर्ग में दर्ज इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। फरार आरोपी भीमनारायण पांडे (65) निवासी मीनाक्षी नगर बोरसी और संजय पंडित (42) निवासी शांति नगर भिलाई ने 13 फरवरी को कोर्ट में समर्पण किया। न्यायालय की अनुमति के बाद दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान भीमनारायण पांडे की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार जब्त की गई, जबकि संजय पंडित से दो मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर रेस्ट हाउस दुर्ग और रेस्ट हाउस उतई सहित अन्य संबंधित स्थानों का गवाहों की उपस्थिति में निरीक्षण किया गया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को पुनः न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।







