
रायपुर/कोण्डागांव। जिले के नगर पंचायत फरसगांव क्षेत्र में तीन मृत पक्षी मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। थाना परिसर में एक कौआ मृत मिला है। वही नगर के बाजार स्थल के पास दो और मृत पक्षी मिले। इसमें एक कौआ व एक उल्लू शामिल है। सूचना के बाद पशु चिकित्सिक मृत पक्षियों के सैंपल लेकर जांच के लिए रवाना हो गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक फरसगांव क्षेत्र के बाजार स्थल में दो मृत पक्षी जिसमें एक उल्लू और एक कौआ मृत अवस्था में मिले। इसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को दी गई। पशु विभाग की टीम ने मौके पर पंहुचकर मृत पक्षियों को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया है। साथ ही जांच के लिए भेजा गया है। गौरतलब है कि इन दिनों दंतेवाड़ा एवं जगदलपुर में हुई कौवे की मौत बर्ड फ्लू से होने की पुष्टि हो चुकी है। नगर पंचायत सीएमओ ने नागरिकों से मृत पक्षियों से दूर रहने एवं मृत पक्षी देखने पर तत्काल पशु चिकित्सा विभाग या नगर पंचायत में इसकी सूचना देने की अपील करते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से भी बचने का भी आह्वान किया है। फरसगांव के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चित्रलेखा देव ने बताया कि सभी सूचना पर उनकी टीम ने मौके पर मृत पक्षियों के सैंपल ले लिए गए हैं। इसमें बाजार स्थल के पास दो पक्षी मृत की जानकारी मिली और वही थाना परिसर में भी एक मृत पक्षी की जानाकारी मिली जहा हमारी टीम द्वारा प्रारंभिक जांच में किसी में भी बर्ड फ्लू के लक्षण नहीं मिले हैं, फिर भी जांच के लिए सैंपल भेजे जाएंगे।

कोंडागांव। देश के साथ-साथ पूरे विश्व में कोरोना वायरस की महामारी के चलते विभिन्न संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर पंचायत फरसगांव के व्यापारी संघ के अध्यक्ष फिरोज़ मेमन द्वारा फरसगांव नगर पंचायत अध्यक्ष गणेश दुग्गा,थाना प्रभारी विनोद कुमार साहू व अन्य स्टाफ की उपस्थिति में निशुल्क मास्क वितरित किया गया। मास्क राहगीर, दुकानदारों, ड्राइवरों, महिलाओं एवं बच्चों, ऑटो चालकों में बांटे गए। इस अवसर पर मो.फिरोज़ ने बताया कि हर नागरिकों को अपनी हिफाजत स्वयं ही करनी होगी।उन्होंने बताया कि व्यापारी संघ फरसगांव कोरोना से जंग जीतने में जनता कर्फ्यू का समर्थन करता है। इस दिन फरसगांव में पूरी दुकाने बन्द रहेगी। अत्यावश्यक जरूरी सेवाएं शुरू रहेगी। उन्होंने इस जनता कर्फ्यू की सफलता के लिए व्यापारियों से भी सहयोग की अपील की है।
इस अवसर पर डिक्की जायसवाल, शोएब मेमन, भापेंद्र साहू, प्रमोद कतलाम सहित अन्य मौजूद रहे।

कोंडागांव। नगर पंचायत फरसगांव में स्थित शराब दुकान एवं उसके आसपास श्मशान घाट में फैले कचरे से पर्यावरण के साथ-साथ मवेशियों के लिए घातक साबित हो रहा है। बता दें कि फरसगांव के बड़े डोंगर रोड में शराब दुकान हैं वहां आसपास और श्मशान घाट में रोजाना बेहिसाब डिस्पोजल सहित अन्य प्लास्टिक और कचरा फेंंका जा रहा है। नगर पंचायत फरसगांव द्वारा भी मनीकंचन गृह रहते हुए भी खुले में कचरा डंप किया जा रहा है। यह पर्यावरण के साथ साथ मवेशियों के लिए घातक साबित हो रहा है। इसका निष्पादन भी सही तरीके से नहीं होने के कारण आसपास खेत-खलिहान व नालियों में जाम पड़ी हुई है। नगर के बड़े डोंगर रोड में संचालित शराब दुकान के आसपास भी यही स्थिति बनी हुई है। नगर प्रशासन सफाई अभियान भी नहीं चला रहा है। जबकि नवनियुक्त पदाधिकारियों द्वारा नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने व सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए पहल करने की बात कही थी, लेकिन इस ओर नगर पंचायत का ध्यान अब तक नहीं गया है।

कोंडागांव। नगर पालिका कोंडागांव एवं नगर पंचायत फरसगांव में पदभार ग्रहण समारोह कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक शामिल हुए। उनका मांदरी की थाप और फटाकों के साथ भव्य स्वागत हुआ। धरमलाल कौशिक ने नव निर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष एवं पार्षदों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश का एक पार्षद तीन बार प्रदेश का मुख्यमंत्री और राज्यपाल बन सकता है तो आप सभी पार्षद आम जन के हित में सच्ची निष्ठा से कार्य कर आगे बढ़ें। आज जैसे जनता का आशीर्वाद मिला उसी तरह आगे भी मिलता रहे। कोंडागांव नगर पालिका अध्यक्ष हेम कुंवर व उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी तथा नगर पंचायत फरसगांव के अध्यक्ष गणेश दुग्गा, उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल ने पदभार ग्रहण किया। इस दौरान पूर्व मंत्री लता उसेंडी, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीर बदेशा, मनोज जैन, तरुण साना, दीपेश अरोरा, विसू सिकदार, प्रशान्त पात्र, जागेश्वर हिडको, मूलचंद पाण्डे, शैल शेठिया, दीपा नेताम, द्रोपती पाण्डे सहित अन्य मौजूद रहे।

कोंडागांव। जिले के अंतर्गत आने वाली कोण्डागांव नगर पालिक और नगर पंचायत फरसगांव में भाजपा ने और केशकाल नगर पंचायत में कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है। कोण्डागांव नगरपालिका में बीजेपी पार्षद हेम कुंवर पटेल को निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। वही उपाध्यक्ष पद के लिए जसकेतु उसेंडी ने 4 वोट से जीत दर्ज की। अपील समिति में सतीश सोनी और इरसाद खान को जीत हासिल हुई। नगर पंचायत फरसगांव में अध्यक्ष पद पर भाजपा के गणेश दुग्गा ने 1 वोट से जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर गणेश जायसवाल ने 1 वोट से जीत हासिल कर दोनों स्थानों पर भाजपा का परचम लहराया। नगर पंचायत केशकाल में कांग्रेस के रोशन जमीर अध्यक्ष और बिहारी शोरी उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

कोंडागांव। नगर पंचायत फरसगाँव में नगरीय निकाय चुनाव संम्पन होने के पश्चात पार्षदो का प्रथम सम्मेलन बीआरसी भवन के सभा कक्ष में आयोजित किया गया, लेकिन नगर पंचायत फरसगांव के आला अधिकारियों द्वारा देर शाम तक किसी भी जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक एवं आम जन को पार्षदो के शपथ ग्रहण समारोह एवं अध्यक्ष उपाध्यक्ष के निवार्चन की जानकारी तथा आमंत्रण नही दिया। इस बात की चर्चा चौक चौराहों में होती रही। वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उनके समस्त पार्षदो को कोई निमंत्रण नही पहुंचने से दोनों राजनीतिक दल भाजपा-कांग्रेस के वर्तमान पार्षदों और उनके सहयोगी साथी में नाराजगी देखने को मिल रही है। नगरीय निकाय के चुनाव स्थानीय चुनाव होने के चलते समस्त मतदाताओ ने अपना मतदान कर इस चुनाव को सबसे बड़े उत्सव के रूप में मनाया। लेकिन उत्सव के मुख्य समारोह का आमंत्रण किसी को नही मिलने के कारण चौक चौराहों में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं आम जन के बीच आपस मे चर्चा के दौरान नारजगी देखी गई। स्थानीय चुनाव के सबसे बड़े उत्सव पर निमंत्रण नही मिलना अधिकारियों के कार्यो पर सवालिया निशान खड़े कर रहा है। सीएमओ अपने मुख्यालय में नही रहती है जिसपर जिला के उच्च अधिकारी कोई कार्यवाही नही करते है। सीएमओ नगर पंचायत फरसगांव शान्ति बाजपेयी रविवार होने के कारण फरसगाँव मुख्यालय में नही थी फोन से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन सीएमओ ने फोन नही उठाया फरसगांव नगर पंचायत अध्यक्ष राज मरकाम ने कहा कि शपथ ग्रहण का आमंत्रण नही मिला जिसके चलते हम सभी नाराज है । नेता प्रतिपक्ष राजेश सोना का कहना था। शपथ ग्रहण के कार्यक्रम की हमको कोई जानकारी उपलध नही है। अधिकारियो की लापरवाही और तानासाही के चलते कार्यक्रमो की जानकारी उपलब्ध नही होती है।

कोंडागांव। नगरीय निकाय चुनाव के दौरान नगर पंचायत फरसगांव के वार्ड क्रमांक 3 में शासकीय कर्मचारी शिक्षाकर्मी द्वारा कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार किये जाने की शिकायत भाजपा प्रत्याशी गणेश जायसवाल ने रिटर्निंग ऑफिसर को लिखित रूप में की है। उचित कार्यवाही की मांग की है, साक्ष्य के रूप में शासकीय कर्मचारी द्वारा चुनाव प्रचार किये जाने का ऑडियो सीडी भी जमा करवाया गया है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीर बदेशा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उनके द्वारा कई दिनों से यह प्रचार कार्य किया जा रहा है। इस शिकायत की प्रतिलिपि जिला निर्वाचन अधिकारी कोंडागांव को भी प्रेषित की गई है।

कोंडागांव। नगर पंचायत फरसगांव में नव पदस्थ प्रभारी सीएमओ दिनेश डे द्वारा 11 नवंबर को पदभार ग्रहण करते ही नगर की मुख्य समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए नगर पंचायत की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर पंचायत फरसगांव में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन में लगातार लापरवाही बरते जाने से साफ-सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी। जनता में इस बात को लेकर खासी नाराजगी देखी जा रही थी। नव पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे द्वारा स्वच्छता अभियान को गंभीरता से लेते हुए फरसगांव में रात्रिकालीन स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें रात को स्वच्छता सेवकों द्वारा नगर पंचायत के सभी कर्मचारियों की उपस्थिति में सड़क गली की साफ-सफाई जारी है। नागरिकों की मानें तो रात्रि कालीन नगर स्वच्छता अभियान एक अच्छी पहल है।
इससे सुबह सुबह सफाई के दौरान धूल उड़ने की समस्या से भी निजात मिल सकेगी और रात में कम ट्रैफिक होने से स्वच्छता कर्मचारियों को भी अपना काम करने में आसानी होगी। इस मौके पर नगर पंचायत सीएमओ द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत पुनर्चक्रण किए जाने योग्य कचरे के पृथक्करण आधारित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु मिशन क्लीन सिटी सेंटर, दैनिक बाजार स्थल, बस स्टैंड सहित अन्य जगहों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर अधिकारी द्वारा नगर के प्रकाश व पानी की व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण, दुर्घटना जन्य सूखे पेड़ों का चिन्हांकन कर नागरिकों की मांग को शासन को अवगत कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान उनके साथ नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, उप अभियंता सहित अन्य कर्मचारीगण भी उपस्थित थे।

कोंडागांव। विकासखंड व नगर पंचायत फरसगांव का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं लेकिन इस नगर के लोग वर्षों से बस स्टैंड में व्याप्त बदहाली से परेशान हैं। दरअसल एनएच-30 में स्थित फरसगांव विकासखंड मुख्यालय होने के चलते प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों का आना जाना रहता है। लिहाजा रोजाना फरसगांव में सैकड़ों यात्री अलग-अलग बसों के इंतजार में सड़क किनारे खड़े रहते हैं। वहीं बारिश और गर्मी के दिनों में यात्रियों को काफी परेशानी होती है। क्योंकि बस स्टैंड के अंदर तक बस नहीं जाती सड़क के किनारे ही यात्री बस का इंतजार करते हैं। इसे लेकर नगरवासी कई बार प्रशासन से गुहार भी लगा चुके हैं, लेकिन कोई पहल होती नहीं दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों का कहना है कि अगर बस स्टैंड की स्थिति ठीक होती तो व्यवसायियों को भी लाभ होता। वहीं बस स्टैंड बदहाली से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करना किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। थोड़ी सी बारिश हो जाने पर गड्ढेनुमा जगहों पर पानी भरना आम बात है। परंतु ऐसा हाल अगर किसी नगर के प्रमुख बस स्टैंड पर हो तो यह स्थानीय प्रशासन की लापरवाही व अनदेखी मानी जाएगी।
स्थानीय निवासियों एवं व्यापारियों का कहना है कि -
स्थानीय बस स्टैंड के व्यापारियों ने बताया कि अगर बस स्टैंड की स्थिति ठीक होती तो मार्केट का भी ग्रोथ होता। बस स्टैंड की बदहाली के कारण बस अंदर तक नहीं आने सेे व्यापार मंदा चल रहा है। साथ ही यात्रियों को बैठने के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने एवं स्टैंड के अंदर अव्यवस्था के कारण यात्री बस स्टैंड के अंदर नहीं आते और बस स्टैंड धीरे-धीरे आवारा पशुओं का अड्डा बनते जा रहा है। बस स्टैंड के अंदर सुलभ शौचालय तो बना हुआ है परंतु बस अंदर तक नहीं जाने से यात्रीगण विशेषकर महिला यात्री सुलभ का उपयोग नहीं कर पाते और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ये स्थानीय नगर पंचायत प्रशासन की बड़ी नाकामी है। यह मामला गंभीर होने के बावजूद आज तक इस पर स्थानीय प्रशासन ने समाधान का जरा भी प्रयास नही किया।
इस संबंध में सीएमओ शांति बाजपेई से पूछने पर उन्होंने कहा कि बस स्टैंड की जगह का भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। बस स्टैंड हेतु आवंटन आ चुका है। हमने प्रपोजल भेज दिया है जैसे ही भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र आ जाएगा बस स्टैंड बनना शुरू हो जाएगा। कब तक बनने कीउम्मीद है? पूछने पर उन्होंने कहा कि एक महीना में हमें मिल जाएगा और हम काम शुरू कर देंगे।

कोण्डागांव। नगरीय निकाय निर्वाचन-2019 के लिए जिले के तीन नगरीय निकायों में वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नीलकंठ टिकाम द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में की गई। वार्डों का आरक्षण परिसीमन 2019 तथा जनगणना वर्ष 2011 की स्थिति में जनसंख्या के आधार पर किया गया। सबसे पहले नगरपालिका कोण्डागांव तत्पश्चात नगर पंचायत फरसगांव एवं केशकाल के वार्डों का आरक्षण लाटरी पद्धति से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के क्रम से किया गया। इसके अनुसार नगरपालिका कोण्डागांव के 22 वार्डों का आरक्षण का क्रम महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक-1 अनुसूचित जाति (महिला), सुभाषचंद्र बोस वार्ड क्रमांक-2 अनुसूचित जनजाति, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक-3 अनुसूचित जनजाति, डोंगरीपारा वार्ड क्र.-4 अन्य पिछड़ा वर्ग, जामकोटपारा वार्ड क्र.-5 अनुसूचित जनजाति, बाजार पारा वार्ड क्र.-6 अन्य पिछड़ा वर्ग (महिला), शीतलापारा वार्ड क्र.-7 अनारक्षित, विकासनगर वार्ड क्र.-8 अनारक्षित, तहसीलपारा वार्ड क्र.-9 अनारक्षित, पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्र.-10 अनारक्षित (महिला), दण्डकारण्य वार्ड क्र.-11 अनुसूचित जाति, भेलवापदर वार्ड क्र.-12 अनारक्षित, बंधापारा वार्ड क्र.-13 अनुसूचित जनजाति, फारेस्ट कालोनी वार्ड क्र.-14 अनुसूचित जनजाति (महिला), शहीद वीरनारायण सिंह (कोपाबेड़ा)वार्ड क्र.-15 अनारक्षित, अम्बेडकर वार्ड क्र.-16 अनुसूचित जनजाति (महिला), अस्पताल वार्ड क्र.-17 अनारक्षित (महिला), शहीद भगत सिंह वार्ड क्र.-18 अन्य पिछड़ा वर्ग (महिला), सरगीपाल पारा वार्ड क्र.-19 अनारक्षित, स्वामी विवेकानंद वार्ड क्र.-20 अन्य पिछड़ा वर्ग, मरारपारा वार्ड क्र.-21 ज्योति बा फूले अन्य पिछड़ा वर्ग और महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड क्र.-22 अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा। इसी तरह नगर पंचायत फरसगांव के 15 वार्डों के आरक्षण क्रम में वार्ड क्र.1 महात्मा गांधी अनुसूचित जाति, वार्ड क्र.2 चन्द्रशेखर आजाद अनारक्षित, वार्ड क्र.3 शिव मंदिर अनारक्षित, वार्ड क्र.4 मां दंतेश्वरी अनुसूचित जनजाति महिला, वार्ड क्र.5 सरदार भगत सिंह अनारक्षित महिला, वार्ड क्र.6 प्रियदर्शनी इंदिरा अनारक्षित महिला, वार्ड क्र.7 मां दुर्गा अनारक्षित, वार्ड क्र.8 मां गायत्री अनुसूचित जनजाति, वार्ड क्र.9 अटल बिहारी वाजपेई अनुसूचित जनजाति, वार्ड क्र.10 महाराजा प्रवीर चंद्र भंजदेव अनुसूचित जनजाति, वार्ड क्र.11 जयबूढ़ा देव अनुसूचित जनजाति, वार्ड क्र.12 वीरागंना रानी दुर्गावती अनुसूचित जनजाति, वार्ड क्र.13 नेताजी सुभाषचंद अनुसूचित जनजाति महिला, वार्ड क्र.14 मां तेलीनसत्ती महिला अनारक्षित व वार्ड क्र.15 महाराणा प्रताप अनारक्षित घोषित किया गया। इसी प्रकार नगर पंचायत केशकाल के कुल 15 वार्डों के आरक्षण में भंगाराम वार्ड क्र.-1 अन्य पिछड़ा वर्ग, पं.दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्र.-2 अन्य पिछड़ा वर्ग, दंतेश्वरी वार्ड क्र.-3 अनुसूचित जनजाति, शिवमंदिर वार्ड क्र.-4 अनुसूचित जनजाति महिला, जवाहर वार्ड क्र.-5 अनारक्षित, महावीर वार्ड क्र.-6 अनारक्षित, प्रवीरचंद भंजदेव सिंह वार्ड क्र.-7 अनारक्षित महिला, वीर नारायण वार्ड क्र.-8 अनुसूचित जनजाति महिला, महात्मा गांधी वार्ड क्र.-9 अन्य पिछड़ा वर्ग, अकबर वार्ड क्र.-10 अनारक्षित, सुभाष चौक वार्ड क्र.-11 अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, अशफाक उल्ला खां वार्ड क्र.-12 अनारक्षित महिला, शीतला वार्ड क्र.-13 अनुसूचित जनजाति, डॉ.श्यामप्रसाद मुखर्जी वार्ड क्र.-14 अनुसूचित जनजाति, डॉ.अंबेडकर वार्ड क्र.-15 अनुसूचित जाति घोषित हुई है। इस दौरान तीनों नगरीय निकायों के सीएमओ सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।