
दुर्ग। भूपेश सरकार के दो साल के कार्यकाल में किसानों और आम जनता के प्रति वादाखिलाफी पर भाजपा के विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन में नेताओं ने जमकर प्रहार किया। राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार से किसानों और आमजनता का विश्वास उठ गया है। दुर्ग शहर विधानसभा के सभी 60 वार्डों से कार्यकर्ताओं और जनता ने बड़ी संख्या में रैली निकालकर भूपेश सरकार के खिलाफ जोरदार हल्ला बोला।
धरना प्रदर्शन में शामिल हुईं राज्य सभा सांसद व भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डेय ने भूपेश बघेल सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस सरकार के दो वर्ष कार्यकाल से किसान से लेकर सभी वर्ग के लोग त्रस्त हो गए हैं। उनके बचे तीन साल के एक हजार दिन अब भाजपा चैन से बैठने नहीं देगी। भूपेश सरकार के खिलाफ लगातार संघर्ष कर आवाज बुलंद करेंगी। राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्य शैली और वक्तव्य पर भी कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की भाषा शैली आज मुख्यमंत्री के पद पर आसीन रहने वालों की तरह बिल्कुल भी नहीं है। उन्होंने भिलाई के कार्यक्रम में अपनी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल पुन: किया। 15 वर्षों तक प्रदेश के गरीबों व किसानों व सभी वर्गों का कल्याण करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के खिलाफ कभी मूर्ख तो कभी चाऊर वाले बाबा या पानी वाला बाबा कहकर अमर्यादित ब्यान देकर अपनी स्तरहीनता व अहंकार प्रदर्शित की। इस तरह से समय समय पर लगातार अमर्यादित भाषा उन्हें जग हंसाई का पात्र बनाती है। वर्तमान प्रदेश कांग्रेस सरकार की उलटी गिनती चालू हो चुकी है। धरना प्रदर्शन को जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार तमेर, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चंद्रिका चंद्राकर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रजा खोखर, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रत्नेश चंद्राकर, मंत्री विनायक ताम्रकार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मंत्री संतोष सोनी ने किया व आभार जिला भाजयुमो अध्यक्ष दिनेश देवांगन ने किया।
दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों के कार्यकर्ता सुबह 11बजे से ही कार्यालय में एकत्रित हुए। करीब 12बजे डीजे के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित भाजपा कार्यकर्ताओंं की फौज भाजपा कार्यालय से निकलकर भूपेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए जवाहर चौक, मोती कांपलेक्स,पुराना बस स्टैंड,एकता द्वार मेन रोड होते हुए झाडू देवांगन उच्चतर मा.शाला के सामने स्थित धरना पंडाल पहुंचे यहां सभी नेताओं ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान प्रदेश भाजपा मंत्री उषा टावरी,जिला अध्यक्ष डॉ शिवकुमार तमेर,पूर्व महापौर व धरना प्रभारी चंद्रिका चंद्राकर,किसान महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव लखन लाल साहू,किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रत्नेश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। भाजपा के विचारों प्रभावित होकर भीम जैन,अरुण अग्रवाल व देवव्रत ठाकुर के नेतृत्व में 50 से अधिक युवाओं ने, गीता बाई त्रिवेणी क्षत्रिय व सुहानी निर्मलकर के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाजपा में प्रवेश किया।