धोनी का नाम बीसीसीआई ने किया कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर
/ खेलराष्ट्रीय
नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी को गुरुवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की लिस्ट से बाहर कर दिया गया। धोनी ने पिछले साल विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद क्रिकेट नहीं खेला है। बीसीसीआई ने अक्टूबर 2019 से सितंबर 2020 तक के लिए केंद्रीय अनुबंधों का ऐलान किया। धोनी पिछले साल तक ए ग्रेड में थे, जिन्हें सालाना पांच करोड़ रुपये मिलते थे। कप्तान विराट कोहली, उप-कप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ए प्लस ग्रेड में बने हुए हैं,जिन्हें सात करोड़ रुपये प्रतिवर्ष मिलते हैं। धोनी की कप्तानी में भारत 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2013 चैम्पियंस ट्रॉफी जीत चुका है। धोनी दुनिया के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं,जिनकी कप्तानी में किसी टीम ने तीन आईसीसी टूर्नामेंट्स जीते हैं। धोनी ने 90 टेस्ट, 350 वनडे इंटरनेशनल और 98 टी20 इंटरनेशनल मैचों में क्रम से 4876, 10773 और 1617 रन बनाए हैं। धोनी भारत के सबसे सफल कप्तानों में शुमार हैं।