सदन में अजय चंद्राकर ने शराब पर लिए जाने वाले सेस की राशि का दूसरे मद में खर्च करने का लगाया आरोप
/ राजनीतिछत्तीसगढ़
रायपुर। शराब पर लिए जाने वाले सेस की राशि का दूसरे मद में खर्च करने का आरोप लगाते हुए बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने जेपीसी जांच की मांग की है। इसे गंभीर अनियमतता बताते हुए करीबन साढ़े पांच सौ करोड़ रुपए की हेराफेरी की बात कही। मंत्री रविन्द्र चौबे के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने बहिर्गमन किया। अजय चंद्राकर ने प्रश्नकाल में कहा कि यह गंभीर अनियमितता है। गौठान विकास के लिए शराब पर सेस लगाया गया, लेकिन गोधन न्याय योजना में भी राशि खर्च की गई। अधिसूचना में स्पष्ट है कि जिस मद के लिए सेस लिया जा रहा है, उस पर ही खर्च करना है। करीब साढ़े पांच सौ करोड़ की हेराफेरी हुई है। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने अपने जवाब में कहा कि गोधन या गौठान योजना को अलग अलग देखना उचित नहीं है। इस उद्देश्य से शराब पर सेस लगाया गया है, उसी उद्देश्य के तहत खर्च किया जा रहा है। गोबर खरीदी योजना से आप लोगों को दिक्कत क्यों हैं। गरीबों के जेब में पैसा जा रहा है। चौबे ने चुटकी लेते हुए कहा कि गडकरी जी सुनेंगे तो आप लोगों की क्लास लगा देंगे।