केन्द्र सरकार तेल के दामों में गिरावट का लाभ आम आदमी तक ना पहुंचाकर कमाई का जरिया बना रही : मो. असलम
/ भिन्न छत्तीसगढ़
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मो. असलम ने कहा है कि संकट के समय केन्द्र सरकार पेट्रोल और डीजल के उत्पाद शुल्क में बढ़ोत्तरी कर जनता की कमर तोड़ने में लगी है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दामों में भारी गिरावट है। इसका लाभ केन्द्र सरकार आम आदमी तक ना पहुंचाकर इसे कमाई का जरिया बना रही है। यह जनता के हक और विश्वास के साथ कुठाराघात है। ईंधन की कीमतों में कमी करने के बजाए डीजल में 13 और पेट्रोल में 10 रुपए प्रति लीटर उत्पाद शुल्क बढ़ाना अनुचित है। जनता के समक्ष आज गंभीर आर्थिक कठनाई उत्पन्न हो गई है। दर बढ़ाए जाने के निर्णय को केन्द्र सरकार को तत्काल वापस लेना चाहिए। केन्द्र की सरकार ने 6 सालों में एक दर्जन से अधिक बार तेल की दामों में एक्साइज ड्यूटी बढ़ा-बढ़ा कर दर आसमान तक पहुंचा दी है। तेल की कीमतों में वर्ष 2014-15 और वर्ष 2015-16 में भी भारी गिरावट आई थी। तब भी केन्द्र सरकार ने तेल के दामों में कमी नहीं कि थी। अब उसे ही केन्द्र की सरकार दोहरा रही है। उस समय देश में जनता के साथ लॉक डाउन की स्थिति नहीं थी और ना ही संक्रमण का विकराल दौरा था। जनता उस बुरे दौर को तो झेल ली।