कार ने दो दुपहिया वाहनों को टक्कर मार कर पलटी, दो लोगों की मौत
/ भिन्न मध्य प्रदेश
छिंदवाड़ा। एक कार दो दुपहिया वाहनों को टक्कर मार कर पलट गई। इससे मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दुपहिया वाहन पर सवार एक बुजुर्ग सहित चार लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के सिहोरा माल गांव का है। बताया जा रहा है कि जिले में छिंदवाड़ा-सिवनी मार्ग पर सिहोरा माल गांव के पास शुक्रवार को हुए इस हादसें में सिवनी जिले के पलारी गांव के निवासी आशु ठाकुर (21) और उनकी बहिन साक्षी ठाकुर (20) की मौत हो गई और आकांक्षा ठाकुर (14) गंभीर रूप से घायल हो गई।
कार की टक्कर लगने से दुपहिया वाहन पर सवार चोरगांव के निवासी गोवर्धन (55) घायल हो गए है। इस सड़क दुर्घटना में सिवनी से छिंदवाड़ा जा रही कार दुपहिया वाहनों को टक्कर मार कर पलट गई, जिससे उसमें महिला और बच्ची को भी चोटें आई है। गंभीर रुप से घायल बुजुर्ग और 14 वर्षीय बालिका को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।