आनंद वाटिका और रेवाडीह वर्मी कम्पोस्ट केन्द्र का महापौर ने किया निरीक्षण
/ भिन्न छत्तीसगढ़
राजनांदगांव। महापौर हेमा देशमुख ने नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक के साथ आनंद वाटिका एवं रेवाडीह वर्मी कम्पोस्ट केन्द्र का निरीक्षण किया। वर्मी कम्पोस्ट केन्द्र में खाद बनाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। महापौर ने आनंद वाटिका निरीक्षण के दौरान वाटिका को और डवलप करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता दीपक जोशी को दिये। वाटिका में बच्चों के खेलकूद के लिये खेल उपकरण लगाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आनंद वाटिका में ही अपने जन्मदिवस को यादगार बनाने पौधरोपण किये जाने नगर निगम द्वारा पहल की गई। इसका अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और बर्थ डे पार्क में नागरिकों द्वारा अपने जन्मदिवस के अवसर पर उत्साह के साथ पौधरोपण किया जा रहा है। इसकी भी अच्छे से देखभाल करना है, जिससे पौधे बड़े होकर वृक्ष का रूप ले सके और लोगों के विश्वास में हम खरा उतरे। इसके अलावा उन्होंने बजट प्रावधान अनुसार पुष्प वाटिका में ही वाटर पार्क निर्माण किये जाने आवश्यक कार्यवाही करने जोशी को निर्देशित किया। निरीक्षण की कड़ी में महापौर हेमा देशमुख एवं आयुक्त कौशिक द्वारा रेवाडीह वर्मी कम्पोस्ट केन्द्र का निरीक्षण किया गया एवं खाद बनाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली गयी। कार्यपालन अभियंता जोशी ने बताया कि रेवाडीह, पेन्ड्री,गोकुल नगर क्षेत्र से यहा गोबर एकट्ठा किया जाता है, जहां कृषि विभाग के सहयोग से खाद बनाने की प्रक्रिया की जा रही है। 1200 किलो गोबर से गोबर की लकडी बनाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही केंचुआ के माध्यम से वर्मी कम्पोस्ट बनाने की प्रक्रिया की जा रही है। इसी प्रकार नवागांव क्रेन्द्र में भी खाद बनाने की प्रक्रिया की जा रही है। आयुक्त कौशिक ने बताया कि राज्य शासन द्वारा रेवाडीह एवं मोहारा में गौठान निर्माण करने स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिसके लिये अतिशीघ्र आगे की कार्यवाही की जायेगी। इस अवसर पर निगम का अमला उपस्थित था।