शिक्षामंत्री टेकाम एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की सांस्कृतिक प्रतियोगिता का करेंगे शुभारंभ
/ भिन्न छत्तीसगढ़
रायपुर। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन 11 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे से पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर में किया जाएगा। आदिमजाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में एकल संगीत, समूह संगीत, एकल नृत्य और समूह नृत्य की प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप नगद राशि और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय के दिशा निर्देश अनुसार राज्य स्तरीय सांस्कृति उत्सव 2019 प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय प्रतियोगिता राजस्थान राज्य के उदयपुर में सम्मिलित किया जाएगा। एकल संगीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को आठ हजार, द्वितीय स्थान के लिए सात हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को पांच हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। समूह संगीत में प्रथम स्थान पर आने वाले को 25 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर 15 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर 10 हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। एकल नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आने पर 10 हजार, द्वितीय स्थान आने पर आठ हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पांच हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। समूह नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आने पर 30 हजार, द्वितीय स्थान आने पर 20 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर 15 हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सभी नगद पुरस्कारों के साथ विजेताओं को प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा।