फरसगांव नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का दावा फेल, डिस्पोजल, कचरा से पटा
/ भिन्न छत्तीसगढ़
कोंडागांव। नगर पंचायत फरसगांव में स्थित शराब दुकान एवं उसके आसपास श्मशान घाट में फैले कचरे से पर्यावरण के साथ-साथ मवेशियों के लिए घातक साबित हो रहा है। बता दें कि फरसगांव के बड़े डोंगर रोड में शराब दुकान हैं वहां आसपास और श्मशान घाट में रोजाना बेहिसाब डिस्पोजल सहित अन्य प्लास्टिक और कचरा फेंंका जा रहा है। नगर पंचायत फरसगांव द्वारा भी मनीकंचन गृह रहते हुए भी खुले में कचरा डंप किया जा रहा है। यह पर्यावरण के साथ साथ मवेशियों के लिए घातक साबित हो रहा है। इसका निष्पादन भी सही तरीके से नहीं होने के कारण आसपास खेत-खलिहान व नालियों में जाम पड़ी हुई है। नगर के बड़े डोंगर रोड में संचालित शराब दुकान के आसपास भी यही स्थिति बनी हुई है। नगर प्रशासन सफाई अभियान भी नहीं चला रहा है। जबकि नवनियुक्त पदाधिकारियों द्वारा नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने व सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए पहल करने की बात कही थी, लेकिन इस ओर नगर पंचायत का ध्यान अब तक नहीं गया है।