ईओडब्ल्यू और एसीबी के अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज,छापेमारी में घिरी दोनों एजेंसियां
/ अपराधछत्तीसगढ़
रायपुर। बिलासपुर जिले के सिविल लाइंस थाना में ईओडब्ल्यू और एसीबी के अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मामाला 5 वर्ष पूर्व बिलासपुर में पदस्थ जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक अग्रवाल और उनके भाई पवन अग्रवाल के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई से जुड़ा है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दोनों एजेंसियों के अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। अब जल संसाधन विभाग के ईई के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है। इस मामले में पवन अग्रवाल ने बिलासपुर की अदालत में एक परिवाद दायर किया था। उन्होंने दोनों एजेंसियों के कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि दोनों जांच एजेंसियां उनकी कमाई हुई निजी संपत्ति, नगद, जेवरात और जायदाद को जब्त किए थे।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर षड्यंत्रपूर्वक उनकी संपत्ति जब्त की गई थी। जबकि उनके भाई की संपत्ति से उनका कोई सीधा संबंध नहीं है। पवन अग्रवाल के अनुरोध पर अदालत से मिले आदेश के बाद सप्ताह भर पूर्व बिलासपुर के सिविल लाइंस थाने में ईओडब्ल्यू और एसीबी के अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। मामला 30 दिसंबर 2014 का था, जब अग्रवाल बंधुओं के घर पर छापा मारा गया था। इस छापे में करोड़ों रुपए की बेनामी संपत्ति जब्त करने का दावा किया गया था।