कैट 2021 को भारतीय व्यापार सम्मान वर्ष के रूप में मनाएगा, देशभर में होंगे कई कार्यक्रम
/ बिज़नेसछत्तीसगढ़
रायपुर। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने वर्ष 2021 को देशभर में भारतीय व्यापार सम्मान वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की है। इसके अंतर्गत देशभर में बड़े पैमाने पर अनेक कार्यक्रम होंगे। कैट की यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल पर वोकल और आत्मिर्भर भारत को गांवों और कस्बों तक मूर्तरूप देने के लिए होगा। यह जानकारी कैट के प्रदेश पदाधिकारियों ने दी है। प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी ने कहा कि भारत के 7 करोड़ व्यापारियों ने देश के लोगों को विपरीत परिस्थितियों में बिना किसी सरकारी सहायता के सभी सामान मुहैया कराया। इस देशव्यापी अभियान से देश की अर्थव्यवस्था में व्यापारियों के महत्वपूर्ण रोल को रेखांकित करना है।
कैट से संबंधित देशभर के 40 हजार से ज्यादा व्यापारी संगठन इस अभियान में हिस्सा लेंगे। वर्ष 2021 को भारतीय व्यापार सम्मान वर्ष के रूप में देश भर में बेहद उत्साह से मनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की एक बड़ी श्रृंखला तय की गई है। कैट इस वर्ष मुख्य रूप से देश के ई कॉमर्स व्यापार को विदेशी कंपनियों के चंगुल से मुक्त कराने, देश के रिटेल व्यापार को भारतीय सामान पर आधारित रखने का एक बड़ा कार्यक्रम वर्ष भर चलाएगा। 10 जून 2020 से शुरू हुए अपने चीनी सामान बहिष्कार अभियान के अंतर्गत इस वर्ष के अंत तक चीन से भारत आने वाले सामान में 1 लाख करोड़ रुपए के व्यापार की कमी करने के अपने लक्ष्य को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही ई कॉमर्स पॉलिसी ,नेशनल रिटेल ट्रेड पॉलिसी, केंद्र व सभी राज्यों में व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन, जीएसटी कर प्रणाली का सरलीकरण और व्यापारियों की उसकी पालना के बोझ को कम करना, व्यापारियों के लिए एक पृथक आय कर स्लैब बनाना। देश के सभी जिलों में अधिकारियों व व्यापारियों की एक संयुक्त समिति का गठन, फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड एक्ट को देश की जमीनी हकीकत से जोड़ना आदि विषय इस वर्ष प्रमुखता से उठाए जाएंगे और उन पर निर्णय कराया जाएगा। अमर पारवानी ने बताया कि इस वर्ष देश में अधिक से अधिक महिलाओं को उद्यमी बनाया जाएगा। साथ ही जो महिलाएं पहले से ही उद्यमी हैं, उनकों अपने व्यापार में वृद्धि करने के लिए हर सहयता को उपलब्ध कराना कैट की प्राथमिकता में है। महिला दिवस , मातृ दिवस परअनेक कार्यक्रम होंगे। देश भर में महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।
देश भर में अपनी शक्ति से बड़ा व्यापार खड़ा करने वाले व्यापारियों को जीरो से हीरो सम्मान, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले व्यापारियों को भामाशाह सम्मान, विभिन्न राज्यों में सबसे अधिक टैक्स देने वाले व्यापारियों को अर्थव्यवस्था प्रहरी, सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यापारियों को समाज नायक सम्मान जैसे अनेक कार्यक्रम होंगे।
कैट इस वर्ष इसके साथ ही व्यापारियों को पेंशन योजना को अधिक तर्कसंगत बनाना, व्यापारियों व उनके कर्मचारियों के लिए रियायती दर पर बीमा योजना, सरकार की मुद्रा योजना को देश के कोने कोने तक पहुंचा कर आसानी से व्यापारियों को मुद्रा ऋण मिलना,व्यापारियों को बैंकों से कम दर पर आसानी से वित्तीय सहायता का मिलना आदि विषय प्रमुखता से लिए जाएंगे। दिल्ली में व्यापारियों को सीलिंग से बचाने के लिए एक एमनेस्टी स्कीम को लागू करना, मास्टर प्लान 2041 में दिल्ली व एनसीआर में मार्केटों में व्यापक सुविधाएं उपलब्ध कराना, दिल्ली के व्यापार में वृद्धि के लिए विशेष कदम उठाए जाने पर जोर देना, दिल्ली नगर निगम, दिल्ली सरकार, एनडीएमसी , डीडीए व अन्य निकायों से संबंधित व्यापारियों को समस्याओं को हल करना प्रमुख रूप से शामिल है।